राजगांगपुर में आधी रात को सड़क किनारे खड़ी कार जलकर खाक, आग लगने का कारण अज्ञात
राजगांगपुर: शहर के मधुसूदन कॉलोनी में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 की आधी रात को सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि, आग लगने के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, मधुसूदन कॉलोनी निवासी पूर्ण चंद्र पाढ़ी के पुत्र मनेंद्र कुमार पाढ़ी ने रात में अपनी हुंडई कार (नंबर OD-14-AE-3387) को घर के बाहर सड़क किनारे पार्क किया था। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए।
रात करीब 1:30 बजे कॉलोनी के चौकीदार बहादुर ने घर का गेट खटखटाकर परिजनों को जगाया और कार में आग लगने की सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग तुरंत बाहर भागे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान रात्रि गश्त कर रहे एएसआई जन्मजय मिश्रा अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने भी आग बुझाने में मदद की और तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना पाकर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर राजगांगपुर थाना निरीक्षक विजय कुमार दाश और एसआई अरुण कुमार बेहरा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Download for instant alerts
Get the latest news, breaking stories and continuous Radio access with the Saransh Dainik app.





