अपोलो अस्पताल में मरीज़ की मौत के बाद हंगामा

अपोलो अस्पताल में मरीज़ की मौत के बाद हंगामा

अपोलो अस्पताल में मरीज़ की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप जमकर हुआ हंगामा और सुरक्षा कर्मचारियों से हाथापाई।। 

राउरकेला। शहर के ऑपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत के बाद आज गुरुवार के दिन अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया । मृतक के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। प्राप्त सूचना के अनुसार बंडामुंडा के शीतल नगर में रहनेवाले नितीश अवतार करीब डेढ़ माह पूर्व डीजल कॉलोनी में एक सांड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उसका इलाज ऑपोलो अस्पताल में चल रहा था। परिजनों के अनुसार बीते कल बुधवार को नितीश का ऑपरेशन किया गया था, जिसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने राशि जमा करने को कहा था, लेकिन पूरी रकम जमा नहीं हो सकी।
गुरुवार 5 फरवरी की सुबह इलाज के दौरान नितीश की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान सुरक्षा गार्ड से हाथापाई भी हुई। समाचार प्रकाशित किए जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।