हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से कटा महिला का हाथ
छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग अंतर्गत रामानुजनगर क्षेत्र से बिजली विभाग की एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाली लापरवाही सामने आई है। यहाँ जमीन के बेहद करीब झूल रहे 11 हजार केवी (11KV) हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई है। करंट का झटका इतना जोरदार था कि हादसे में महिला का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अपने खेत से सिर पर घास का गट्ठर लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में नीचे की ओर झूल रहा हाईटेंशन लाइन का तार उसके संपर्क में आ गया। 11 हजार केवी के जोरदार करंट की चपेट में आते ही महिला वहीं गिर पड़ी और उसका एक हाथ कटकर अलग हो गया।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की चिंताजनक हालत और गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। इस खौफनाक हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से हाईटेंशन तार नीचे की ओर झूल रहे हैं, जिसकी शिकायत किए जाने के बावजूद विभाग ने इसे दुरुस्त करने की जहमत नहीं उठाई। विभाग की इसी घोर लापरवाही की वजह से आज एक बेकसूर महिला जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।





