पुलिस की सूझबूझ ने बचाई बच्ची की जान
राजगांगपुर में 50 फीट ऊंचे केनाल ब्रिज पर चढ़ी 15 वर्षीय नाबालिग, पुलिस और अग्निशमन दल ने किया सकुशल रेस्क्यू
मोबाइल को लेकर बहनों में विवाद के बाद मां की डांट से नाराज होकर उठाया था कदम; थाना प्रभारी ने खुद ब्रिज पर चढ़कर बचाई जान
राजगांगपुर। राजगांगपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग की तत्परता तथा सूझबूझ से शनिवार दोपहर एक 15 वर्षीय नाबालिग की जान बच गई। पड़ा जामपाली के पास स्थित सिंचाई विभाग के लगभग 50 फीट ऊंचे केनाल ब्रिज पर खतरनाक तरीके से बैठी नाबालिग को पुलिस और दमकल कर्मियों की संयुक्त टीम ने सकुशल नीचे उतार लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, राजगांगपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी का घर में अपनी बहन के साथ मोबाइल फोन को लेकर झगड़ा हुआ था। इस बात पर मां ने उसे डांट लगा दी। मां की डांट से आहत होकर और गुस्से में आकर नाबालिग अपना जीवन समाप्त करने के इरादे से जामपाली के पास केनाल ब्रिज पर चढ़ गई। वह ब्रिज के स्तंभ के एक बेहद संकरे और खतरनाक हिस्से पर बैठी हुई थी। स्थानीय लोगों की नजर जब उस पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत राजगांगपुर पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही राजगांगपुर थाना प्रभारी विजय दाश पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजगांगपुर अग्निशमन विभाग को भी मौके पर बुलाया। दमकल टीम के पहुंचने के बाद एहतियात के तौर पर ब्रिज के नीचे सुरक्षा जाल बिछाया गया। इसके बाद थाना प्रभारी विजय दाश ने साहस का परिचय देते हुए खुद ब्रिज पर चढ़ाई की और अग्निशमन कर्मियों की मदद से किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सकुशल रेस्क्यू के बाद पुलिस नाबालिग को थाने लेकर आई, जहां उसे शांत कराकर भविष्य में कभी भी ऐसा आत्मघाती कदम न उठाने की समझाइश दी गई। इसके बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। थाना प्रभारी की सूझबूझ और साहसिक प्रयास से एक अनहोनी टलने पर नाबालिग के परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस तथा अग्निशमन विभाग के कर्मियों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।





