धूमधाम से मनाया गया कुड़मी समुदाय का पारंपरिक बांदना परब

धूमधाम से मनाया गया कुड़मी समुदाय का पारंपरिक बांदना परब

बिसरा में धूमधाम से मनाया गया कुड़मी समुदाय का पारंपरिक 'बांदना परब' "मवेशियों के बिना खेती नहीं, और खेती के बिना जीवन नहीं": ध्रुव चरण महतो

बिसरा (सुंदरगढ़): बिसरा कुड़माली सांस्कृतिक अखाड़ा, नागरा के तत्वावधान में सुंदरगढ़ जिले के पुराना बिसरा गांव में आदिम कुड़मी समुदाय का पारंपरिक और ऐतिहासिक पर्व 'बांदना परब' बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर एक विशेष संगोष्ठी (विचार गोष्ठी) का भी आयोजन किया गया। युवा समाजसेवी सहदेव महतो की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के बुद्धिजीवियों, युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया।

इस समारोह में उपस्थित अतिथियों में मुख्य अतिथि  लक्ष्मीनारायण महतो (अध्यक्ष, आदिवासी कुड़मी समाज, पश्चिम सिंहभूम) 
मुख्य वक्ता: ईं. अमित महतो (संगठक, दिल्ली आदिवासी कुड़मी समाज)
सम्मानित अतिथि: योगेश्वर महंत (सचिव, ओडिशा कुड़माली नेगाचारी अखाड़ा) एवं कदम बिहारी महतो (अध्यक्ष, मनोहरपुर आदिवासी कुड़मी समाज) थे। 
अन्य अतिथियों में लक्ष्मण महतो (अध्यक्ष, राउरकेला कुड़माली सांस्कृतिक अखाड़ा), बनमाली, कार्तिक, भुवनेश्वर, रामेश्वर महतो, रश्मि, अंबिका, मीना, रहिन, नारायण, मनोज, जगन्नाथ, भवेश और विनय महतो सहित कई गणमान्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि लक्ष्मीनारायण महतो ने समाज की प्राचीन परंपराओं और संस्कृति को सहेज कर रखने का आह्वान किया। वहीं, मुख्य वक्ता ईं. अमित महतो ने आगामी जनगणना फॉर्म में अपनी पहचान के रूप में 'जाति - कुड़मी' और 'मातृभाषा - कुड़माली' दर्ज करने की अपील की। इस दौरान पुरुलिया के कोड़ाडीह में आयोजित ऐतिहासिक करम महोत्सव में शामिल होने वाले समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया। पांच दिनों तक चलने वाला यह लोकपर्व प्रकृति और मवेशियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है:

इस पर्व के तहत प्रथम व द्वितीय दिन  मवेशियों को तेल लगाकर उनकी सेवा की जाती है।इन दिनों को तेल दिया के नाम से जाना जाता है।  तृतीय दिन गोठाइन पूजा व जागरण किया जाता है, इस दिन रात भर पारंपरिक 'धिंगुआन' भ्रमण होता है और भोर में ढोल-मृदंग की थाप पर 'माछी खेदा' की रस्म निभाई जाती है। चतुर्थ दिन गोहाल या गोरइया पूजा किया जाता है, इस दिन गोशाला में विधिवत पूजा होती है। 'गोरइया पीठा' और 'गोरइया हड़िया' अर्पित कर मवेशियों की सुख-समृद्धि व सुरक्षा की कामना की जाती है। मवेशियों को तेल-सिंदूर लगाकर फूलों की माला और धान की बालियों से बने आकर्षक 'मांडुएर' (मुकुट) पहनाए जाते हैं। साथ ही 'बुढ़ी बांदना' के माध्यम से पूर्वजों को याद कर बड़ों का आशीर्वाद लिया जाता है। इस पर्व के पांचवां और अंतिम दिन गोरू खुंटा के रूप में मनाया जाता है। यह मवेशियों के आत्मरक्षा प्रशिक्षण का दिन होता है। खूंटे से बांधकर उन्हें बाघ-भालू जैसे हिंसक जंगली जानवरों से खुद को बचाने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है और इसके बाद उन्हें चरने के लिए छोड़ दिया जाता है।

प्राचीन लोक मान्यता के अनुसार, कार्तिक अमावस्या के दिन मवेशियों के सृष्टिकर्ता 'गोसाईं राई' धरती पर आते हैं और यह निरीक्षण करते हैं कि मनुष्य अपने पशुओं की सेवा, देखभाल और सम्मान ठीक से कर रहे हैं या नहीं। कार्यक्रम की शुरुआत गांव के महतो परीक्षित महतो द्वारा 'गराम धरम करम ठाकुर' की पूजा और सामूहिक अखाड़ा वंदना से हुई। पूरे उत्सव के दौरान पारंपरिक अहिरा गीत, चांचरी गीत और दांडीआरी गीतों की गूंज सुनाई दी। समारोह में निशामणि महतो ने स्वागत भाषण दिया, नागरा पीढ़ी कुड़मी समाज के अध्यक्ष ध्रुव चरण महतो ने मंच का सफल संचालन किया और आदिवासी कुड़मी समाज के जिला सचिव नागेश्वर महतो ने धन्यवाद ज्ञापन किया। अंत में सामूहिक झूमर नृत्य के साथ इस भव्य उत्सव का समापन हुआ।