खाकी पर संगीन आरोप:आरोपियों को बचाने के लिए जांच रिपोर्ट से गायब कर दिया घर का कुआं

खाकी पर संगीन आरोप:आरोपियों को बचाने के लिए जांच रिपोर्ट से गायब कर दिया घर का कुआं

खाकी पर संगीन आरोप—आरोपियों को बचाने के लिए जांच रिपोर्ट से 'गायब' कर दिया घर का कुआं!
राउरकेला (बंडामुंडा): अपराधियों के मंसूबों को नाकाम करने का दावा करने वाली राउरकेला पुलिस खुद ही सवालों के कठघरे में खड़ी हो गई है। बंडामुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस पर एक बेहद चौंकाने वाला आरोप लगा है। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों को बचाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने न केवल उसकी शिकायत (एफआईआर) को सरकारी रिकॉर्ड से गायब कर दिया, बल्कि जांच रिपोर्ट के नक्शे से मौके पर मौजूद 'कुएं' जैसे अहम भौतिक साक्ष्य का अस्तित्व ही मिटा दिया। अब पीड़ित ने राउरकेला पुलिस अधीक्षक (SP) से गुहार लगाकर इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


मामला 4 अप्रैल 2022 का है। पीड़ित के अनुसार, कुछ दबंगों ने उसके घर में घुसकर उसे जान से मारने और शव को घर के ही कुएं में दफना देने की धमकी दी थी। इस खौफनाक धमकी के बाद पीड़ित ने अपनी जान की सुरक्षा के लिए बंडामुंडा थाने में लिखित शिकायत दी थी।
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय संबंधित पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों को बचाने की पटकथा लिख डाली। पुलिस द्वारा तैयार की गई जांच रिपोर्ट में घर की भौगोलिक स्थिति को तो बखूबी दर्शाया गया, लेकिन जिस कुएं में शव दफनाने की धमकी दी गई थी, उस कुएं को रिपोर्ट से पूरी तरह गायब कर दिया गया।
इस पूरे खेल का पर्दाफाश तब हुआ जब पीड़ित ने सूचना के अधिकार (RTI) के तहत बंडामुंडा थाने से अपने मामले की जानकारी मांगी। आरटीआई के जवाब ने पुलिस की कार्यप्रणाली की पोल खोल कर रख दी। दस्तावेजों से पता चला कि पीड़ित द्वारा थाने में दी गई मूल शिकायत (एफआईआर) ही सरकारी रिकॉर्ड से गायब है।

थाना स्तर पर न्याय न मिलने और सबूतों से छेड़छाड़ होने के बाद अब पीड़ित ने राउरकेला पुलिस अधीक्षक (SP) के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
सैकड़ों बार डकैती की योजनाओं को विफल कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने वाली राउरकेला पुलिस के लिए अब यह एक बड़ी परीक्षा है। शहर में चर्चा का विषय यह है कि क्या राउरकेला पुलिस कागजों से 'चोरी' हुए इस कुएं को ढूंढ पाएगी और साक्ष्यों से खिलवाड़ करने वाले दोषी पुलिस अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी?