आग लगने से जलकर खाक हुई महेश्वरी संबलपुरी वस्त्रालय

सुंदरगढ़ जिला में स्थित राजगांगपुर ब्लॉक के लांईंग पंचायत अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित परशु साहू मार्केट कॉम्प्लेक्स में मौजूद 'माहेश्वरी संबलपुरी वस्त्रालय' में बीती देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान धू धू कर जलने लगी। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के कपड़े जलकर नष्ट हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, बीती रात के चौथे पहर में,करीब 3 से 4 बजे के बीच लांईंग चौक स्थित परशु साहू मार्केट कॉम्प्लेक्स में स्थित, संबलपुरी वस्त्रालय 'माहेश्वरी' दुकान से धुआं निकलते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकान मालिक को इसकी सूचना दी। जब दुकान मालिक मौके पर पहुंचे, तब तक अंदर रखे लाखों रुपये मूल्य के कपड़े आग की लपटों में घिर चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही राजगांगपुर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान के भीतर रखे सभी महंगे कपड़े और फर्नीचर जलकर खाक हो चुके थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और जांच के बाद ही सही कारण सामने आ सकेगा।