अमर शहीद भगत सिंह जयंती पर नशामुक्ति अभियान

अमर शहीद भगत सिंह जयंती पर नशामुक्ति अभियान

इकौना, श्रावस्ती: शहीद भगत सिंह जयंती पर जगतजीत इंटर कॉलेज में नशा मुक्ति जन-जागरूकता गोष्ठी, प्रधानाचार्य और डॉक्टर ने छात्रों को किया जागरूक। 

धर्मेंद्र सिंह (संवाददाता) गौतम बुद्ध कान्हा जन सेवा संस्थान द्वारा जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना के सभागार में 28 सितंबर शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी की जयंती के अवसर पर नशा मुक्ति अभियान को लेकर विचार गोष्ठी एवं जन जागरूकता शपथ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद भगत सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कर उन्हें नमन करते हुए किया गया।

मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य राम बिहारी वाजपेई जी का संबोधन -

मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए जगतजीत इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राम बिहारी वाजपेई जी ने कहा कि "शहीद भगत सिंह ने 23 वर्ष की अल्पायु में देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। उनका जीवन अनुशासन, त्याग और चरित्र का प्रतीक है। आज की युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। नशा आज हमारे समाज को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। एक छात्र जब नशे की चपेट में आता है तो उसका भविष्य, परिवार और पूरा देश प्रभावित होता है।" उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने गांव-मोहल्ले में भी लोगों को जागरूक करें।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद कुमार जी का संबोधन -

विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद कुमार जी ने अपने संबोधन में नशे के वैज्ञानिक और चिकित्सीय दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि "नशा चाहे तंबाकू, गुटखा, शराब या ड्रग्स का हो, यह सीधे हमारे लीवर, फेफड़े, हृदय और मस्तिष्क को नुकसान पहुंचाता है। कम उम्र में नशा करने से याददाश्त कमजोर होती है, पढ़ाई में मन नहीं लगता और मानसिक तनाव बढ़ता है। नशा मुक्त शरीर ही स्वस्थ भविष्य की नींव है।" उन्होंने छात्रों को नशे से बचने के 3 मंत्र दिए - अच्छी संगत, खेल-कूद और अपने लक्ष्य पर ध्यान। इस अवसर पर समाजसेविका अर्चना बाजपेई, अवधेश जायसवाल, हिंदू युवा वाहिनी जिला सह प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, हनुमान प्रसाद, जीवन लाल यादव मौजूद रहे।

कार्यक्रम संयोजक एवं गौतम बुद्ध कान्हा जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष व जिला मंत्री *कृष्ण देव सिंह "केडी बाबू"* ने बताया कि संस्था द्वारा 28 सितंबर शहीद भगत सिंह जयंती से लेकर 2 अक्टूबर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती तक विशेष नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान स्कूलों, गांवों में जन जागरूकता कार्यक्रम और 2 अक्टूबर को भव्य मशाल यात्रा का आयोजन किया जाएगा। अंत में सभी छात्रों और शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और नशा मुक्ति पम्पलेट वितरित किए गए।