राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी झाडियाँ

अनुराग (पुर्वांचल प्रभारी) 

सड़क के दोनों ओर उगी कंटीली झाड़ियों से राहगीर परेशान, दुर्घटना का बना रहता है डर

बस्ती: जिले के बिक्रमजोत प्रखंड के अंतर्गत आने वाले कलानीकला ग्राम पंचायत में एक सड़क लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। केनौना से बबूरहवा तक नहर के किनारे से होकर गुजरने वाली इस सड़क के दोनों ओर बड़ी-बड़ी और कंटीली झाड़ियां उग आई हैं। इन झाड़ियों के कारण सड़क संकरी हो गई है और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस सड़क पर सफर करना किसी खतरे से कम नहीं है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग किसी बुरे सपने से कम नहीं है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे झाड़ियां सड़क की ओर झुकी हुई हैं। अगर सामने से कोई ट्रैक्टर या चार पहिया वाहन आ जाए, तो मोटरसाइकिल सवारों के लिए निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार लोगों को इन कंटीली झाड़ियों से चोट भी लग चुकी है और उनके चेहरे व शरीर के अन्य हिस्से छिल गए हैं। यह सड़क केवल एक-दो नहीं बल्कि दर्जनों गांवों के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। केनौना, कलानीकला, कलानी खुर्द, तिवारी पुरवा, इंदौली, रामगढ़, बीरपुर, परसूजोर, छावनी और मल्लूपुर सहित कई गांवों के लोग रोजाना इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं।

स्थानीय लोगों में इस समस्या को लेकर काफी रोष है। उनकी मांग है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस समस्या की ओर ध्यान दें और जल्द से जल्द इन झाड़ियों को कटवाने की व्यवस्था करें ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से निजात मिल सके और किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।