रायगढ़ जिले का सोलहवां थाना बना जूटमिल थाना

रायगढ़ जिले का सोलहवां थाना बना जूटमिल थाना

सुमित जायसवाल (व्यौरोचीफ) 

रायगढ़:सिटी कोतवाली का जूटमिल पुलिस चौकी उन्नयन होकर जिले का नया पुलिस थाना बना है। इसके बनने से जिले में थाना अजाक और ट्रैफिक सहित अब थानों की संख्या 16 हो गई है। जिले में अब 16 थानों के साथ 3 पुलिस चौकी- रैरूमाखुर्द, खरसिया और जोबी चौकी हैं । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीना ने नये जूटमिल पुलिस थाना का फीता काटा व पूजा अर्जन कर विधिवत उद्घाटन किया।

जूटमिल थाना के जवानों द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सलामी दी गई । इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मीना थाने के रोजनामचा में कार्यवाही संचालन की पहली रोचनामचा रिपोर्ट अपने हाथों से लिखा।  इस थाना क्षेत्र अंतर्गत 32 गांव/वार्डों को शामिल किया गया है। 
              वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मीना ने कहा कि थाना कोतवाली में दर्ज एक तिहाई से अधिक अपराध जूटमिल से संबंधित होते थे, पिछले साल थाना कोतवाली में 1794 अपराध दर्ज किये गये थे जिसे देखते हुए जिला पुलिस कवायद चला रही थी कि पुलिस चौकी जूटमिल को थाना बनाया जाए जिसके लिए राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा गया था । अंततः गृह विभाग (पुलिस) छत्तीसगढ़ से 9 जनवरी 2023 को प्रस्ताव को हरी झंडी मिली है और आज पुलिस थाना का विधिवत उद्घाटन किया गया । नए थाना बनने से यहां के लोगों को बड़ी सहूलियत और सुविधाएं मिलेगी । नये थाने में अब एफआईआर, सीसीटीएनएस कार्य सुचारू रूप से संचालित होगा । दर्ज अपराध, शिकायतों की जांच यहीं से होगी । जल्द ही जूटमिल थाने को और अधिक बल और संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा । संसाधन और बल उपलब्ध होने से असामाजिक तत्व पर दबाब बना रहेगा और अपराधों में कमी आयेगी । थाना अनुरूप कर्मचारी बढा़ने से अपराध पर पुलिस और प्रभावी रूप से कार्रवाई करेगी । कम्प्यूटर और सीसी कैमरे से लैस थाना जूटमिल में आज से एफआईआर आदि कार्य शुरू हो जाएगा। नए थाने में पहले थानाध्यक्ष के रूप में उपनिरीक्षक कमल किशोर पटेल सहित 54 पुलिसकर्मियों की तैनाती है ।

नये थाने के उद्धघाटन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खरसिया, निमिषा पाण्डेय, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी धरमजयगढ़ दीपक मिश्रा, डीएसपी निकिता तिवारी, सीएसपी अभिनव उपाध्याय, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंटे, एवं शहर के सभी थाना प्रभारी सहित जिले के पुलिस अधिकारी मौजूद थे।