बंडामुंडा में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को दी गई श्रद्धांजलि
रेलनगरी बंडामुंडा में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा बंडामुंडा मंडल द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा बंडामुंडा मंडल अध्यक्ष श्री लखन लोहार के नेतृत्व में किया गया। यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम शाम 7:00 बजे सेक्टर-E स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में आयोजित हुआ। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को स्मरण किया। इस अवसर पर भाजपा बंडामुंडा मंडल अध्यक्ष श्री लखन लोहार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी भारतीय राजनीति के एक ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने विचारों, आदर्शों और राष्ट्रसेवा के माध्यम से देश के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन पर अमिट छाप छोड़ी। उनका सरल व्यक्तित्व, प्रभावशाली वक्तृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी करोड़ों देशवासियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।कार्यक्रम में धर्मेंद्र दुबे, एल.ए. हरि डोरा, बी. वर्देश्वर राव, प्रह्लाद तांती, आलोक सिंह, मुकेलेश सिंह, प्रबीर मित्रा एवं हरि केसरी सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन अटल जी के आदर्शों एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ किया गया।





