झारखंड में जल्द होगा एक नया मुख्यमंत्री

•कल्पना सोरेन और चंपई सोरेन एवं जोबा माझी मुख्यमंत्री का रेश में*  •कभी भी हो सकती है हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी* •नेतृत्व परिवर्तन के लिए राज्यपाल से मांगा गया समय* •राज्यपाल से मिल सकते हैं हेमंत सोरेन, सत्ताधारी दल के सभी विधायक मुख्यमंत्री आवास में मौजूद

झारखंड में जल्द होगा एक नया मुख्यमंत्री

जमीन घोटाला मामले में ईडी की कार्रवाई से उपजे हालात और राजनैतिक संकट के बीच झारखंड में नए मुख्यमंत्री की चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक हलकों से आ रही खबरों के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विरुद्ध प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के बाद नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है। हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद जोबा माझी को राज्य की कमान सौंपी जा सकती है। जोबा माझी मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और वर्तमान में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा मंत्री हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा और गठबंधन के घटक दलों के बीच सहमति बनी तो वह झारखंड की पहली महिला मुख्यमंत्री हो सकती हैं। उनकी दावेदारी सबसे मजबूत बताई जा रही है। स्वच्छ छवि और सरल स्वभाव की नेता होने के साथ ही वह निर्विवाद रही हैं। साथ ही शहीद परिवार से भी आती हैं। पहली बार वह अविभाजित बिहार में वर्ष 1995 में हुए चुनाव में विधायक निर्वाचित हुई थीं। चुनाव से कुछ महीने पहले गोइलकेरा हाट बाजार में उनके पति और पूर्व विधायक, जंगल आंदोलन के प्रणेता रहे देवेंद्र माझी की अपराधियों ने बम मारकर हत्या कर दी थी। राजनीति में पदार्पण के बाद वह मनोहरपुर सीट से अब तक पांच बार विधायक रह चुकीं हैं। साथ ही बिहार में राबड़ी देवी सरकार, झारखंड में बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, शिबू सोरेन, मधु कोड़ा और हेमंत सोरेन सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहीं। लंबे राजनीतिक अनुभव का भी लाभ उन्हें मिल सकता है। सूत्रों की मानें तो मंत्री जोबा माझी और चम्पई सोरेन झारखंड के अगले मुख्यमंत्री की रेस में हैं। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के नाम मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे है।