गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर माओवादी दे सकते थे बड़ी वारदात को अंजाम

165 वीं वाहिनी के.रि.पु.बल ने विस्फोटक उपकरण (IED) बरामद कर बडा हादसा टाला

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर माओवादी दे सकते थे बड़ी वारदात को अंजाम

नितिन सिन्हा (संपादक : खबरसार) 

छत्तीसगढ़ राज्य मे स्थित नक्सलियों का गढ़ माने जाने वाले नक्सल प्रभावित क्षेत्र बीजापुर जिले के कुंदेर गाँव में हाल ही में 165 वीं वाहिनी के.रि.पु. बल के द्वारा नये शिविर की  स्थापना की गई है। शिविर के स्थापित होने के बाद से ही जहां ग्रामीणों में नक्सल हिंसा से मुक्ति की नई आशा जागृत हुई है तो वहीं नक्सलियों की नाराजगी बढ़ी है। 

इस लिहाज से माओवादी लगातार  प्रयास करते रहे हैं कि किसी तरह से बल के जवानों को नुकसान पहुंचा जाएं। हालाकि माओवादियों का अब तक कोई भी प्रयास जवानों की सक्रियता और सजगता से सफल नहीं हो पाया है। इस क्रम में गणतंत्र दिवस के एक दिन पूर्व 25 जनवरी 2023 के दिन दोपहर के समय कुंदेर मिसिगुडा के बीच परिचालनिक ड्यूटी के दौरान सजग जवानों ने एक मोर्टार बम बरामद किया तथा पूरी सावधानी बरतते हुए इलाके की तलाशी ली। 

इस दौरान वाहिनी के बम निरोधक दस्ते ने लगभग 04 किलोग्राम की शक्तिशाली टिफिन विस्फोटक उपकरण (IED) भी बरामद की। जिसे नक्सलियों ने जमीन में गढे हुए मोर्टार बम के ही पास बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से लगा रखा था। बम की बरामदगी के बाद पार्टी कमांडर के निर्देश पर जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी की एवं बम निरोधक दस्ते के द्वारा मोर्टार बम और विस्फोटक उपकरण को वहीं नष्ट किया गया। 

ऐसा प्रतीत होता है कि यह IED केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 165 वीं वाहिनी द्वारा स्थापित कुंदेर शिविर के जवानों को अधिक से अधिक नुकसान पहूँचाने और क्षेत्र में जारी सडक निर्माण कार्य (जगरगुंडा-सिलगेर)को रोकने के उद्देश्य से ही नक्सलियों ने बम लगाया था।

हालाकि इस शक्तिशाली IED को नष्ट करके 165 वीं वाहिनी को.रि.पु.बल के जवानों नें 74 वीं गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर एक बडा हादसा होने से टाल दिया ।