एटीएम में सेंधमारी करने वाला गिरफ्तार
जरेइकेला बैंक ऑफ इंडिया एटीएम तोड़ने का मामला सुलझा, झारखंड का आरोपी गिरफ्तार एटीएम में रखी ₹21.44 लाख की नकदी सुरक्षित मिली, पुलिस ने आरोपी के पास से नकदी, लोहे की रॉड व मोबाइल फोन बरामद किए।
राउरकेला पुलिस ने बिसरा थाना क्षेत्र के जरेइकेला स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को तोड़ने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला बिसरा थाना कांड संख्या 186, दिनांक 31 जुलाई 2026 के तहत दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को दोपहर 12:15 बजे बैंक के एटीएम सीआरए (कैश रिप्लेनिशमेंट एजेंसी) कर्मचारी भास्कर घासी ने बिसरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि जरेइकेला स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को अज्ञात बदमाश ने रात के समय क्षतिग्रस्त कर दिया था। सूचना मिलने पर वह अपने सहकर्मी कमलकांत बारिक के साथ मौके पर पहुंचे, जहां एटीएम कक्ष का दरवाजा, छत और बिजली का बोर्ड टूटा हुआ मिला।
जांच के दौरान एटीएम मशीन खोली गई तो उसमें ₹21,44,800 की नकदी सुरक्षित पाई गई। इसमें ₹500 के 3,220 नोट, ₹200 के 1,995 नोट तथा ₹100 के 1,438 नोट शामिल थे। इसके बाद मामले की सूचना बैंक कार्यालय को देने के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस ने झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के महुलडीहा निवासी 22 वर्षीय सुवहम महतो को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से ₹8,300 नकद, एक लोहे की रॉड तथा दो कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ ओडिशा और झारखंड के विभिन्न थानों में चोरी, सेंधमारी और अन्य आपराधिक मामलों के आठ मामले इससे पुर्व में भी दर्ज हैं। इस कार्रवाई को बिसरा थाना प्रभारी मनोरंजन कुंभार के नेतृत्व में उप निरीक्षक .के. साहू, उप निरीक्षक आर.के. नायक, ओएपीएफ-31 डी. केरकेट्टा तथा गृह रक्षी -87 एम. महतो की टीम ने अंजाम दिया।





