इंटर-एनआईटी खेल प्रतियोगिता संपन्न

इंटर-एनआईटी खेल प्रतियोगिता संपन्न

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

राउरकेला, 2 नवंबर : ‌राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), राउरकेला की मेजबानी में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय इंटर-एनआईटी खेल प्रतियोगिता 2026-27 1 नवंबर को समापन हो गए हैं। 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओं में देश के 30 एनआईटी तथा आईआईईएसटी शिबपुर के कुल 1,198 छात्र-खिलाड़ियों ने भाग लिया। इन खेलों में पुरुष एवं महिला वॉलीबॉल, पुरुष एवं महिला हैंडबॉल तथा पुरुष हॉकी की पांच स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
प्रतियोगिता के मुकाबले एनआईटी राउरकेला के पीटी उषा स्टेडियम एवं इंडोर स्टेडियम के अलावा बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए।
प्रतियोगिता के परिणामों में महिला हैंडबॉल का खिताब वीएनआईटी नागपुर ने अपने नाम किया। एनआईटी वारंगल उपविजेता तथा एनआईटी कालीकट तीसरे स्थान पर रहा। वीएनआईटी नागपुर की भाग्य संतोषी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
पुरुष हैंडबॉल में एनआईटी कालीकट चैंपियन बना। एनआईटी वारंगल को दूसरा तथा एसवीएनआईटी सूरत को तीसरा स्थान मिला। एनआईटी कालीकट के पवन कल्याण को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया।
महिला वॉलीबॉल में एनआईटी कुरुक्षेत्र ने खिताबी जीत दर्ज की। एनआईटी कालीकट उपविजेता तथा एनआईटी जमशेदपुर तीसरे स्थान पर रहा। एनआईटी कुरुक्षेत्र की पलक चौधरी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
पुरुष वॉलीबॉल में एनआईटी जमशेदपुर विजेता बना, जबकि एनआईटी तिरुचिरापल्ली दूसरे और एसवीएनआईटी सूरत तीसरे स्थान पर रहा। एनआईटी जमशेदपुर के हिमांशु तेवतिया को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
पुरुष हॉकी में एनआईटी कालीकट ने चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। मेजबान एनआईटी राउरकेला को उपविजेता तथा एनआईटी तिरुचिरापल्ली को तीसरा स्थान मिला। एनआईटी राउरकेला के अमन को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया।

समापन समारोह में एनआईटी राउरकेला के निदेशक प्रो. के. उमामहेश्वर राव, छात्र कल्याण विभाग के डीन प्रो. राजीव कुमार पंडा, छात्र गतिविधि केंद्र (एसएसी) के अध्यक्ष प्रो. दिलीप प्रधान, खेल एवं क्रीड़ा सोसाइटी के उपाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद खालिद गुल एवं प्रो. आदित्य दास तथा एनआईटीके सुरथकल के टूर्नामेंट पर्यवेक्षक डॉ. मनोज उपस्थित थे।
प्रतियोगिता का आयोजन एनआईटी राउरकेला के छात्र गतिविधि केंद्र की गेम्स एंड स्पोर्ट्स सोसाइटी ने किया। आयोजन का समन्वय प्रो. मोहम्मद खालिद गुल और प्रो. आदित्य दास ने किया। संस्थान के खेल अधिकारी सी. अलगेसन तथा खेल सहायक प्रीतम के. मिश्रा ने भी आयोजन में सहयोग दिया।
एनआईटी राउरकेला ने प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर देने के लिए अखिल भारतीय इंटर-एनआईटी स्पोर्ट्स बोर्ड के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के लिए बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम उपलब्ध कराने पर ओडिशा सरकार के खेल एवं युवा सेवा विभाग को धन्यवाद दिया। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अधिकारियों, रेफरी, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं कर्मचारियों के प्रति भी आभार जताया।
इस प्रतियोगिता ने देश के विभिन्न तकनीकी संस्थानों के युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ आपसी सौहार्द, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा दिया।