हर्रैया में मोदी-योगी सरकार पर जमकर बरसे सांसद संजय सिंह
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश, जीत का दिया मंत्र: हर्रैया में मोदी-योगी सरकार पर जमकर बरसे सांसद संजय सिंह, उमड़ी भीड़
हर्रैया, बस्ती। आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को बीआर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा की मोदी-योगी सरकार पर जमकर हमला बोला और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए जीत का मंत्र दिया।
कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए सांसद संजय सिंह ने कहा कि संविधान में लिखा है कि हर आदमी के एक वोट की कीमत बराबर है, चाहे राष्ट्रपति हो या मजदूर, विधायक हो या रिक्शावाला, सांसद हो या गांव का किसान, सभी के वोट को एक ही गिना जाएगा। मोदी ने ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर देश में 13 करोड़ 37 लाख वोट चोरी कर लिए हैं। मोदी ज्ञानेश को गिरफ्तार कर जेल भेजो। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश में 26000 सरकारी स्कूल बंद कर दिए हैं। सरकारी स्कूल बनाना तो दूर, स्कूलों की सुविधा ठीक नहीं है, स्कूलों में टीचर नहीं हैं। भाजपा ने पूरे देश में एक लाख सरकारी स्कूल बंद कर दिए हैं। 98000 सरकारी स्कूल ऐसे हैं जहां बेटियों के लिए टॉयलेट तक नहीं है। सरकारी स्कूलों में बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ते हैं और मिड-डे मील में नमक-रोटी मिलती है। हमारी शिक्षा को भाजपा ने खत्म करने का काम किया है क्योंकि मोदी-योगी का नारा है- अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया। हमारे कार्यकर्ता गिरफ्तार होकर जेल गए लेकिन सरकारी स्कूल बंद नहीं होने देंगे।
रोजगार पर सरकार को घेरते हुए कहा कि 2024 में मोदी ने हर साल दो करोड़ नौकरी का वादा किया, योगी बाबा ने 2022 में 13 लाख नौकरियों का वादा किया, दोनों मिलाकर दो करोड़ 13 लाख नौकरियां हुईं। उत्तर प्रदेश में 13 लाख नहीं, 2 करोड़ नहीं तो चार-पांच लाख नौकरी का भी हिसाब मोदी नहीं दे पाए। भाजपाइयों ने कहा गोबर खत्म हो गया, हमने कहा भाजपाइयों के दिमाग में भर-भर के सारा गोबर खत्म कर दिया।
राम मंदिर के नाम पर चंदे की चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान, मजदूर सबने मंदिर निर्माण के लिए पैसा दिया, उस पैसे को लूटने का काम भाजपा के लोगों ने किया। 40 दिन में 72 बार चढ़ावे की चोरी कमरे में पकड़ी गई, दो करोड़ की जमीन पांच मिनट में 22 करोड़ में बेच डाली, मंदिर निर्माण में एक इंजीनियर ने बताया 40 प्रतिशत भाजपाइयों ने कमीशन खाया। यूपी में 300 मंदिरों को तोड़ दिया, गरीबों की झोपड़ी उजाड़ दी जा रही है, क्या इन्हें हिन्दू धर्म का ठेका मिल गया है। प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि हर्रैया मेरी जन्मभूमि है और यहीं से बदलाव का आगाज होगा, आने वाले चुनाव में हर्रैया मॉडल पूरे प्रदेश में लागू होगा।
जिलाध्यक्ष राम सुभाष वर्मा ने कहा कि भाजपा देश में नफरत फैलाने, उकसाने, भड़काने और भ्रष्टाचार की राजनीति करती है। अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने कहा कि देश में बाबा साहेब के संविधान पर सिर्फ आम आदमी पार्टी चल रही है, छोटी-छोटी पार्टियां जाति के नाम पर टिकट बेचती हैं, इस बार हम अपने बच्चों की शिक्षा और माता-बहनों की सुरक्षा के लिए वोट करेंगे और इन तानाशाहों को भगाएंगे। इससे पहले सांसद संजय सिंह का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम में इमरान लतीफ, पतिराम आजाद, रामभजन, सुनीता देवी, मिथलेश भारती, कुलदीप जायसवाल, दिलीप कुमार, अमित सिंह, दिलीप पांडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





