बज्रकाप्ता के साथ तस्कर गिरफ्तार
बणई वन मंडल में वन विभाग ने पैंगोलिन (बज्रकाप्ता) की कथित तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक जीवित पैंगोलिन बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लहुणीपाड़ा थाना क्षेत्र के महुलता गांव निवासी रईबू मुंडा (41) के रूप में हुई है। वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वन मंडल अधिकारी यशवंत सेठी को करीब एक सप्ताह पहले पैंगोलिन तस्करी की सूचना मिली थी। उनके निर्देश पर सहायक वन संरक्षक सुमित महांति और दुर्व्योधन जेरेई के नेतृत्व में दो टीमों ने गुप्त जांच शुरू की। सोमवार को टीम ने एनएच-143 पर केनावेटा के पास मारुति अर्टिगा को रोककर रईबू से पूछताछ की। उसकी जानकारी के आधार पर महुलता गांव के एक खेत से जीवित पैंगोलिन बरामद किया गया। करीब तीन फीट लंबे पैंगोलिन का वजन अभी सत्यापित नहीं हुआ है। वन विभाग को तस्करी के पीछे बड़े नेटवर्क की आशंका है। रेंज अधिकारी देवाशीष नायक, शिव नारायण बेहरा, वनपाल ज्ञान रंजन महांति, अमित बेहरा, उत्कल केसरी राउत समेत रैपिड रिस्पांस टीम ने कार्रवाई में भाग लिया।





