पिस्टल की नोक पर डॉक्टर के घर डकैती 

पिस्टल की नोक पर डॉक्टर के घर डकैती 

सुंदरगढ़ जिले के धारुआडीही थाना क्षेत्र में एक चिकित्सक एवं दवा व्यवसायी के घर हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, धारुआडीही क्षेत्र में दवा दुकान और क्लिनिक संचालित करने वाले डॉ. मोतीलाल विश्वास (62) 10 जून की रात करीब 8:15 बजे अपने दुकान-सह-आवास पर मौजूद थे। इसी दौरान दो युवक बुखार का इलाज कराने के बहाने उनके पास पहुंचे। इनमें से एक स्थानीय होने के कारण डॉक्टर उसे पहचानते थे। इलाज के दौरान अचानक एक युवक ने पिस्टल निकालकर डॉ. विश्वास को बंधक बना लिया। तभी तीन अन्य आरोपी घर के भीतर घुस आए और अलमारी व दराज तोड़कर करीब 1.10 लाख रुपये नकद लूट लिए।
डॉक्टर के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी मकान की छत के रास्ते फरार हो गए। सूचना मिलते ही धारुआडीही पुलिस सक्रिय हो गई। सुंदरगढ़ पुलिस अधीक्षक के प्रत्यक्ष निर्देशन में दो विशेष टीमों का गठन कर संभावित भागने के सभी मार्गों पर नाकाबंदी की गई तथा सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने किंजिरमा जंगल क्षेत्र से फरार होने की कोशिश कर रहे सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत किसान (28), संजीव उरांव (26), अनिल उरांव (20), प्रकाश सुना (26), सूरज उरांव (21) तथा लेडा मुंडा उर्फ पिंटू (29) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.67 लाख रुपये नकद, टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (ओडी-15पी-2684), बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (ओडी-15डब्ल्यू-8727) तथा पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, लेडा मुंडा उर्फ पिंटू वर्ष 2022 में अपनी पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका था और हाल ही में रिहा हुआ था।
इस संबंध में धारुआडीही थाना कांड संख्या 121/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 332(बी), 310(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह की अन्य आपराधिक गतिविधियों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
डकैती जैसी गंभीर वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय लोगों ने सुंदरगढ़ पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।