नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिंकजा 6 किलो से ज्यादा गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
नशे के सौदागरों पर तारबाहर पुलिस का शिकंजा: 6.396 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, झारसुगुड़ा से लाकर खपाने की थी तैयारी
बिलासपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार और उससे पनपने वाले अपराधों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष 'चेतना अभियान' के तहत तारबाहर पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक शातिर गांजा तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा, जिसके कब्जे से 6.396 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर सेरसा मैदान के पास बिछाया जाल। पुलिस उप महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) रजनेश सिंह के कड़े निर्देशों तथा एएसपी (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं सीएसपी सिटी कोतवाली (आईपीएस) गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक ट्रॉली बैग में भारी मात्रा में गांजा लेकर सेरसा मैदान रोड, तारबाहर से सरकंडा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में ले लिया।
ट्रॉली बैग की तलाशी में खुला राज, झारसुगुड़ा से जुड़ा नेटवर्क
पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश श्रीवास (उम्र 25 वर्ष), निवासी अशोक विहार फेज-2, थाना सरकंडा (बिलासपुर) के रूप में हुई। जब उसके पास मौजूद ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 6.396 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि वह यह खेप ओडिशा के झारसुगुड़ा से लाकर बिलासपुर में खपाने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 319/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव सहित आरक्षक राजेश श्रीवास, रूपलाल चंद्रा, भागीरथी गेंदले, राहुल राजपूत, महेन्द्र सोनकर, नुरूल कादिर और मोहन कोर्राम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध नेटवर्क पर आगे भी इसी तरह का प्रहार जारी रहेगा।





