एएआई-सेल में राउरकेला एयरपोर्ट संचालन समझौता
सतीश शर्मा (उप संपादक)
राउरकेला हवाईअड्डे के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने हवाईअड्डे के संचालन एवं प्रबंधन (ऑपरेशन एंड मैनेजमेंट) समझौते का नवीनीकरण कर दिया है। नई दिल्ली में एएआई के अध्यक्ष विपिन कुमार और दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में विस्तारित समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। नवीनीकृत समझौते के तहत एएआई राउरकेला हवाईअड्डे का संचालन जारी रखेगा। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं के उन्नयन, परिचालन दक्षता बढ़ाने, क्षेत्रीय हवाई संपर्क सुदृढ़ करने तथा पश्चिमी ओडिशा में विमानन अवसंरचना के विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा।
यह समझौता ऐसे समय हुआ है, जब हाल ही में सेल के निदेशक मंडल ने राउरकेला हवाईअड्डे की लगभग 140 एकड़ भूमि एएआई को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। इससे हवाईअड्डे के आधुनिकीकरण और विस्तार का मार्ग प्रशस्त हो गया है तथा भविष्य में बड़े विमानों के संचालन की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं।
औद्योगिक नगरी राउरकेला के लिए बेहतर हवाई संपर्क को आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। इससे उद्योगों, व्यापार, निवेश, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।एएआई और सेल ने कहा कि दोनों संस्थान राउरकेला हवाईअड्डे के कुशल संचालन, उच्चस्तरीय यात्री सेवाओं और दीर्घकालिक विकास के लिए मिलकर कार्य करते रहेंगे। यह साझेदारी पश्चिमी ओडिशा को राष्ट्रीय विमानन नेटवर्क से और अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने के साथ क्षेत्र के समग् सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति देगी।





