हर्रैया में बाबासाहेब की 135वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब

हर्रैया में बाबासाहेब की 135वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, बौद्ध विहार पर मेले की धूम  

हर्रैया में बाबासाहेब की 135वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब

आज हर्रैया नगर स्थित बौद्ध विहार पर बोधिसत्व बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन हुआ। सुबह से ही क्षेत्र के अनुयायी गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर नाचते-गाते जुलूस की शक्ल में मेला स्थल पहुंचे। 

मेले में पहुंचे लोगों ने सबसे पहले भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष मोमबत्ती जलाकर श्रद्धा प्रकट की। इसके बाद डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा के सामने भी मोमबत्ती जलाकर उन्हें नमन किया गया। पूरा बौद्ध विहार परिसर ‘जय भीम’ के नारों और नीले झंडों से गूंजता रहा।

इस अवसर पर बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी समेत कई दलों के नेताओं ने होर्डिंग-बैनर से मेला स्थल को सजाया था। नगर पंचायत अध्यक्ष कौशलेंद्र सिंह ‘राजू’ और पूर्व प्रमुख मदन सिंह के पुत्र रोहिताश्व सिंह ‘नीलू’ गाजे-बाजे के साथ रैली निकालकर मेले में शामिल हुए। नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, पूर्व चेयरमैन कुंवर ध्रुव नारायण सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह, सपा नेता अशोक सिंह, युवा सपा नेता इंजीनियर प्रवीन पाठक, बसपा के संभावित प्रत्याशी कैप्टन कृष्ण चंद्र पाठक के समर्थकों का भी भारी हुजूम उमड़ा।

सुबह से ही गोरखपुर-अयोध्या नेशनल हाईवे पर लोगों की आवाजाही के चलते रश बना रहा। व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। थाना प्रभारी हर्रैया तहसीलदार सिंह मय फोर्स मेले की निगरानी में लगे रहे। एसडीएम हर्रैया सत्येंद्र सिंह और सीओ स्वर्णिमा सिंह लगातार निरीक्षण करते रहे। भीड़ को देखते हुए हर्रैया-श्रृंगीनारी मार्ग पर डायवर्सन लागू किया गया था।मेले में लगे स्टॉल, झूले और खाने-पीने की दुकानों पर दिनभर रौनक रही। व्यापारियों के सामानों की बिक्री भी खूब हुई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने मेले का लुत्फ उठाया।

कुल मिलाकर मेला शांतिपूर्ण और शानदार ढंग से संपन्न हुआ। पर एक सवाल हर बार की तरह इस बार भी पीछे छूट गया — बौद्ध विहार पहुंची भीड़ में से कितने लोग बाबासाहेब के आदर्शों को आत्मसात करने आए थे, और कितने सिर्फ मेले की रौनक देखने? इसका जवाब शायद वही जानें, जो मोमबत्ती जलाकर लौट गए।