श्रावस्ती में मिशन शक्ति रैली का आगाज़

श्रावस्ती में मिशन शक्ति रैली का आगाज़
श्रावस्ती में मिशन शक्ति रैली का आगाज़

धर्मेद्र सिंह (रिपोर्टर) 

श्रावस्ती में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस विभाग ने एक भव्य रैली का आयोजन किया। इस रैली को जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने पुलिस लाइन भिनगा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में पुलिस कर्मियों के साथ-साथ समाजसेवी और आम लोग भी शामिल हुए। हाथों में तख्तियां लिए लोगों ने संदेश दिया – "सशक्त नारी, समृद्ध नारी", "नारी का सम्मान, देश का मान" और "हमारा संकल्प, नारी सुरक्षा"। रैली भिनगा नगर के कई मार्गों से गुजरी और हर वर्ग तक नारी सशक्तिकरण का पैगाम पहुंचा।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि मिशन शक्ति केवल अभियान नहीं बल्कि एक सामाजिक क्रांति है। हमें ऐसा माहौल बनाना होगा जहां हर महिला और हर बालिका सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। वहीं, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कहा कि पुलिस विभाग महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए हर वक्त तत्पर है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें और 1090, 112, 1076, 1930, 181, 102, 108 और 101 जैसे हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल करें।

इस अभियान के तहत जिले के सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें महिला उप निरीक्षक और महिला आरक्षियों की नियुक्ति की गई है। यहां पीड़िताओं की शिकायतों का सम्मानजनक व्यवहार के साथ त्वरित निस्तारण होगा।

एसपी ने यह भी बताया कि महिला बीट अधिकारी, एंटी रोमियो टीम और विशेष दल लगातार गाँव-कस्बों, बाजारों और स्कूल-कॉलेजों में चौपाल और संवाद कर महिलाओं व बालिकाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाएंगे। साथ ही साइबर सुरक्षा पर भी खास ध्यान दिया जाएगा ताकि महिलाएं सोशल मीडिया और ऑनलाइन दुनिया में सुरक्षित रह सकें।

श्रावस्ती में आने वाले दिनों में नुक्कड़ नाटक, जागरूकता गोष्ठियां और विशेष अभियानों के जरिए मिशन शक्ति का संदेश और भी गहराई तक पहुँचाया जाएगा। अधिकारियों ने साफ किया कि इस पहल से जनपद महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक मिसाल बनेगा।

इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चन्द्र उत्तम, पुलिस क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश चन्द्र शर्मा समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और अधिकारी मौजूद रहे।