राजा राम के प्राण प्रतिष्ठा पर भव्य आयोजन

राजा राम के प्राण प्रतिष्ठा पर भव्य आयोजन

धर्मेंद्र कुमार सिंह (रिपोर्टर) 

अयोध्या में राजा राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां पूर्ण, कल पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

अयोध्या | 4 जून
रामनगरी अयोध्या एक बार फिर ऐतिहासिक पल की साक्षी बनने जा रही है। कल, 5 जून को, राजा राम के प्राण प्रतिष्ठा उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर को लेकर प्रशासन और राम जन्मभूमि ट्रस्ट द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फ़ूंडे ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संपन्न कर ली गई हैं, और उत्सव के सफल आयोजन हेतु समर्पित प्रयास किए गए हैं।इस विशेष दिन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अयोध्या पहुंचेंगे। वह लगभग सात घंटे तक अयोध्या में रहेंगे और राम जन्मभूमि परिसर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा उत्सव में भाग लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण करेंगे तथा मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नित्य गोपाल दास जी के जन्मोत्सव पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।


आईजी रेंज प्रवीण कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री की यात्रा और प्राण प्रतिष्ठा उत्सव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे अयोध्या क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। 5 जून को राम दरबार और परकोटे में बने मंदिरों में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। राम मंदिर के दूसरे तल पर स्थित राम दरबार सहित अन्य देव प्रतिमाओं की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न होगी। रामनगरी एक बार फिर भक्ति और उल्लास के रंग में रंगने को तैयार है, और यह ऐतिहासिक उत्सव देशभर के श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष आकर्षण बना हुआ है।