बिहारियों के कथित अपमान के विरोध में राउरकेला बिहार सांस्कृतिक परिषद ने जताई नाराजगी

बिहारियों के कथित अपमान के विरोध में राउरकेला बिहार सांस्कृतिक परिषद ने जताई नाराजगी

बिहारियों के कथित अपमान के विरोध में राउरकेला बिहार सांस्कृतिक परिषद ने आज पत्रकार सम्मेलन बुलाई। 
आज सुबह 11 बजे राउरकेला संस्कृति परिषद परिसर में एक पत्रकार सम्मेलन बुलाई गई थी।   पत्रकार सम्मेलन की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष अरुण सिंह ने की। पत्रकार सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सार्वजनिक बयानों और सोशल मीडिया ,मीडिया चर्चाओं में बिहार एवं बिहारियों को लेकर कथित रूप से की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों का विरोध करना था।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सर्किट हाउस से जुड़े मामले को लेकर चल रही चर्चाओं के दौरान बिहारियों के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां सामने आई हैं। परिषद् ने पत्रकार नवीन दास द्वारा बिहारियों को लेकर कथित टिप्पणियों तथा राउरकेला एसपी नीतेश वाधवानी एवं डीआईजी ब्रिजेश राय को उनकी पहचान के संदर्भ में कथित रूप से अपमानित किए जाने पर आपत्ति जताई।


इसी तरह, परिषद ने भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री कल्पना लेंका द्वारा सब कलेक्टर कार्यालय से संबंधित एक विवाद के दौरान बिहारियों को लेकर कथित आपत्तिजनक बयान दिए जाने का भी विरोध किया। परिषद के सदस्यों ने कहा कि किसी व्यक्ति के अपराध या गलत कार्य को उसकी जाति अथवा राज्य से जोड़ना उचित नहीं है।
पत्रकार सम्मेलन में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि अपराधी का कोई जात पात या क्षेत्र नहीं होता और किसी एक व्यक्ति के कथित अपराध के आधार पर पूरे बिहारी समाज को निशाना बनाना उचित नहीं है। परिषद ने संबंधित लोगों से कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर माफी मांगने की मांग की है।