नहर किनारे बोरे में मिली सफाई कर्मचारी की लाश
बस्ती, 13 अप्रैल: छावनी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह नहर किनारे बोरे में बंद सफाई कर्मचारी विनय वर्मा की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर छावनी पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिम सिंह सुबह से ही मौके पर डटी रहीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटवाए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। सीओ स्वर्णिम सिंह ने मृतक के परिजनों और सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना से आक्रोशित सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस उपाधीक्षक से मुलाकात कर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जिला अध्यक्ष अजय कुमार आर्य और हर्रैया ब्लाक अध्यक्ष भरत राम ने कहा कि यदि पुलिस ने शीघ्र खुलासा नहीं किया तो संगठन आंदोलन करेगा। संघ ने मृतक परिवार को आर्थिक मदद और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी सरकार से की है। फिलहाल पुलिस ने संगठन से जांच के लिए समय मांगा है। सीओ हर्रैया ने बताया कि कई बिंदुओं पर जांच चल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। विनय वर्मा की हत्या से सफाई कर्मचारियों में रोष है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।





