डालमिया सीमेंट एवं नाबार्ड की ओर से कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन
रामप्रवेश चौधरी (संपादक)
राजगांगपुर में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को कौशल विकास का तालीम प्रदान कर उनको नियुक्तिक्षम बनाने के लिए हाल फ़िलहाल में डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड (डीसीबीएल) के तरफ से अनेक कार्यक्रम शुरू किये गए हैं l इसी क्रम में डीसीबीएल के सामाजिक दायित्व विभाग (सी.एस.आर) की शाखा डालमिया भारत फाउंडेशन (डीबीएफ) एवं सुंदरगढ़ जिले के नाबार्ड के सहयोग से कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संयंत्र के राजगांगपुर क्लब में अनुष्ठित किया गया l लांजीबरना, राजगांगपुर एवं इसके आस पास अंचल के 105 युवाओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया l
सुंदरगढ़ जिले के नाबार्ड अधिकारी तापस कुमार बेहेरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे l वहीँ संयंत्र के सहायक कार्यकारी निदेशक डॉ नीलाद्री भूषण पाढ़ी सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित थे l राजगांगपुर ओसीएल कॉलोनी के यूको बैंक के प्रबंधक विकाश पटनायक अन्य अतिथियों के रूप में इस कार्यक्रम में उपस्थित थे l
सुंदरगढ़ जिला लांजीबरना एवं राजगांगपुर के 230 बेरोजगार युवाओं को सोलर टेक्नीशियन, सहायक इलेक्ट्रीशियन, गारमेंट मेकिंग एवं सीआरएम् डोमेस्टिक नॉन भोएस ट्रेड के ऊपर 3 माह का तालीम प्रदान कर उनको नियुक्तिक्षम बनाने के लक्ष्य में यह कार्यक्रम शुरू किया गया है l
राजगांगपुर के दीक्षा केंद्र में अब तक 744 से अधिक युवाओं ने कौशल विकास प्रशिक्षण ग्रहण किया है और उनमें से कई प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न कंपनियों में रोजगार मिला है। इसके अलावा ओडिशा के राउरकेला, कटक, जाजपुर और झारसुगुड़ा में भी दीक्षा केंद्र हैं जहाँ बेड-साइड अटेंडेंट, रिटेल सेल्स, इलेक्ट्रीशियन, ब्यूटी एंड वेलनेस और सिलाई मशीन ऑपरेटर सहित विभिन्न ट्रेड में प्लेसमेंट-लिंक्ड स्किल ट्रेनिंग दी जाती है।
मुख्य अतिथि श्री बेहेरा ने उपस्थित युवाओं को उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और एक उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ने की इच्छा के लिए हार्दिक बधाई दी । वहीँ संयंत्र के डॉ नीलाद्री भूषण पाढ़ी ने इस अवसर पर कहा,डालमिया भारत फाउंडेशन का उद्देश्य न केवल प्रशिक्षण प्रदान करना है, बल्कि इन छात्रों को रोजगार लायक बनाना भी है l
डालमिया सीमेंट दीक्षा प्रोग्राम के प्रबंधक दीपक सेनापति ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों का स्वागत किया एवं डालमिया भारत फाउंडेशन (डीबीएफ) के अंतर्गत डालमिया इंस्टीट्यूट ऑफ नॉलेज एंड स्किल हार्नेसिंग (दीक्षा) द्वारा दिए गए विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में सबको जानकारी दी l डालमिया सीमेंट संयंत्र के शिव नारायण परिजा एवं दीक्षा केंद्र के प्रशिक्षक जगन्नाथ मोहंती, पिनाक हरि साहू, अनामिका टोप्पो, भवानी राणा, दीपिका केरकेट्टा आदि लोगों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान किया l





