छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर केंद्रीय छठ पूजा समिति की बैठक

 लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों को लेकर केंद्रीय छठ पूजा समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को हनुमान वाटिका स्थित काली मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और छठ महापर्व को श्रद्धा, सौहार्द एवं बेहतर समन्वय के साथ मनाने पर चर्चा की।
बैठक में सर्वसम्मति से कृष्णा साहू को चीफ कोऑर्डिनेटर तथा प्रमोद जायसवाल को सीनियर कोऑर्डिनेटर बनाया गया। वहीं पिंकू जायसवाल एवं गुड्डू सिंह को सह-कोऑर्डिनेटर, रविकांत साहू को सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर तथा मनीष तिवारी को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा, जबकि 18 नवंबर को छठ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। समिति ने पिछले वर्ष के सफल आयोजन को याद करते हुए इस वर्ष भी इसे और बेहतर एवं भव्य बनाने का संकल्प लिया।
वेद प्रकाश तिवारी ने कहा कि पिछले वर्ष केंद्रीय छठ पूजा समिति की पहल पर राउरकेला प्रशासन की ओर से सराहनीय सहयोग मिला था। इस वर्ष भी प्रशासन से उसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा है, ताकि श्रद्धालुओं को घाटों एवं अन्य पूजा स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
ओपी सिंह ने कहा कि बच्चों को छठ की परंपरा और संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से इस वर्ष चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इससे नई पीढ़ी में छठ महापर्व के प्रति समझ, संस्कार और जागरूकता बढ़ेगी।
कृष्णा साहू ने कहा कि समिति को पूरा विश्वास है कि प्रशासन श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए समिति की मांगों पर सकारात्मक विचार करेगा तथा छठ पूजा के अवसर पर स्कूलों में अवकाश घोषित करने की दिशा में आवश्यक पहल करेगा।
प्रमोद जायसवाल ने कहा कि छठी मइया की सेवा में योगदान देने का अवसर मिलना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों एवं शहरवासियों से मिलकर इस लोकपर्व को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में स्नेही समाज से भोला शरण, जायसवाल समाज से अमर जायसवाल, कृष्णा चेतना समाज से सतीश सिंह, धर्मेंद्र यादव, जीतू राय, हाड़कोपा घाट से सतीश सिंह, शिवशंकर पाण्डेय, स्वर्णकार युवा मंच से रंजय प्रसाद सहित वेद प्रकाश तिवारी, हरिशंकर साह, उमेश सिंह एवं ओपी सिंह उपस्थित थे।
समिति ने राउरकेला प्रशासन के साथ-साथ शहर के सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा आमभी नागरिकों से छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफल बनाने में सहयोग की अपील की।