चंदा के लिए ट्रक मालिकों पर जानलेवा हमला
अनुराग आचार्य (व्योरो चीफ)
बलराम कोल माइन में चंदा इकट्ठा कर रहे लोगों के सामुहिक आक्रमण में दो ट्रक मालिक गंभीर रूप से घायल
तालचेर: तालचेर की बलराम कोयला खान में शनिवार को सोल्दा गांव के दो ट्रक मालिकों पर जानलेवा हमला हुआ जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग सोल्दा गांव के ट्रक मालिक सुधीर रंजन प्रधान (58) और आकाश कुमार जेना (32) के ट्रक से चंदा मांग रहे थे। जिसे लेकर सुधीर रंजन और आकाश दोनों बलराम कोयला खान के रोलिंग पॉइंट पर ट्रक की तरफ जा रहे थे। इसी समय चंदा इकट्ठा कर रहे करीब 20/25 लोगों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वे दोनों वहीं बेहोश हो गए, उन्हें मरा हुआ समझकर हमलावर वहां से भाग गए। कुछ देर बाद आकाश को होश आया। उसने अपने रिश्तेदारों को बुलाया, जो मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाया और अंगुल जिला मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, सुधीर रंजन की हालत गंभीर है और उन्हें भुवनेश्वर के एक प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। आकाश का इलाज अंगुल के जिला मुख्य चिकित्सालय में चल रहा है। दूसरी तरफ, पिछले कुछ महीनों से सोल्दा गांव के लोगों और सोल्दा ट्रक मालिक संघ के बीच बलराम कोयला खान में प्रति ट्रक चंदा वसूलने को लेकर विवाद चल रहा है। इसे सुलझाने के लिए गोपाल प्रसाद पुलिस स्टेशन अधिकारी से लेकर डिप्टी कमिश्नर की मौजूदगी में कई बैठकें हो चुकी हैं। ट्रक मालिक प्रति ट्रक चंदा देने के लिए तैयार नहीं है, वहीं गांव वाले 180 रुपये प्रति ट्रक की मांग पर अड़े हैं। यह स्थिति पिछले 6 महीने से चल रही है। इस बारे में ट्रक मालिक के परिवार ने गोपाल प्रसाद पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।





