खगेसर पर नाग सांप का जहर भी हो जाता है बेअसर
'सुंदरगढ़ के ‘स्नेक मैन’ खगेसर सोरानिया: जिन पर बेअसर है नाग जैसे जहरीले सांपों का जहर, दो दशकों से कर रहे हैं बेजुबानों की रक्षा'
सुंदरगढ़ जिले के रायबोगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले खगेसर सोरानिया इन दिनों क्षेत्र में खासे चर्चा का विषय बने हुए हैं। पिछले 20-22 सालों से सांप पकड़ने का कार्य कर रहे खगेसर के नाम एक ऐसा अनोखा रहस्य जुड़ा है, जो हर किसी को हैरान कर देता है। सांपों को रेस्क्यू करने के दौरान उन्हें कई बार जहरीले सांपों ने डसा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि सांपों का जहर उन पर पूरी तरह बेअसर साबित हुआ है। यहां तक कि खतरनाक माने जाने वाले नाग (कोबरा) सांप भी उन्हें तीन बार डस चुके हैं, लेकिन उनका जहर भी खगेसर का बाल भी बांका नहीं कर सका। इलाके के लोगों का मानना है कि यह किसी दैवीय कृपा या चमत्कार से कम नहीं है कि मौत का दूसरा नाम कहे जाने वाले जहरीले सांपों का विष उन पर असर नहीं करता। हालांकि, खगेसर इस असाधारण क्षमता का इस्तेमाल किसी शोहरत के लिए नहीं, बल्कि प्रकृति और वन्यजीवों की रक्षा के लिए कर रहे हैं।
जब भी किसी के घर या बस्ती में कोई सांप घुस जाता है, तो लोग तुरंत खगेसर सोरानिया को सूचना देते हैं। सूचना मिलते ही वे बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचते हैं, पूरी सावधानी के साथ सांप को सुरक्षित बाहर निकालते हैं और उसे इंसानी बस्तियों से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ आते हैं। पिछले दो दशकों से उनका यह सेवा कार्य लगातार जारी है, जिससे एक तरफ जहां इंसानों की जान बचती है, वहीं दूसरी तरफ मूक जीवों की भी रक्षा हो रही है।





