आकस्मिक परिस्थितियो से निपटने के लिए माकड्रील
सूमित जायसवाल (मीडिया प्रभारी)
रायगढ़ के जिला कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार के निर्देश पर जिले में आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने आज पुलिस लाईन उर्दना में मॉकड्रिल किया। अपर पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा के नेतृत्व में पुलिस की टुकड़ी ने आकस्मिक परिस्थिति में भीड़ को तितर-बितर करने से लेकर इमरजेंसी जैसे हालात में मोर्चा संभालने का अभ्यास किया। इस दौरान छठवीं बटालियन की उपसेनानी सुरेशा चौबे, भारतीय पुलिस सेवा, प्रशिक्षु उदित पुष्कर, उप जिलाधिकारी रायगढ़ गगन शर्मा उपस्थित रहे।
मॉकड्रिल में प्रदर्शन कारियों से निपटने के तरीकों का अभ्यास जवानों द्वारा किया गया। हेलमेट, बाडी गार्ड, ऐल्बो गार्ड, शील्ड, लाठी जैसे सुरक्षा उपकरणों से लैस पुलिस जवानों के द्वारा प्रदर्शनकारियों की भीड़ से निपटने की निर्धारित ड्रिल चरणबद्ध तरीके से किया गया। जिसमें पहले बात कर समझाने तथा नही मानने पर अंतिम चेतावनी देने के बाद कार्यवाही का अभ्यास किया गया। इसमें अभ्यास के दौरान समस्त बल को टीयर स्मोक पार्टी, केन पार्टी, लाठी पार्टी, शस्त्र पार्टी, रिजर्व पार्टी में बांटकर सूचना संकलन टीम, वार्तालाप टीम, मेडिकल टीम व बलवा टीम के रूप में विभक्त किया गया।
अभ्यास के दौरान सर्वप्रथम प्रदर्शनकारियों को वार्तालाप टीम द्वारा कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की टीम द्वारा समझाया गया। न समझने पर तीन बार चेतावनी दी गई, जिसके पश्चात बल प्रयोग करने का आदेश दिया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए अश्रु गैस,भी छोड़ा गया तथा आवाजी कारतूस भी फायर कराया गया। इस दौरान जख्मी होने पर मेडिकल रेस्क्यु करते हुए कार्यवाही कैसे जारी रखनी है इसका भी अभ्यास किया गया। साथ ही इस पूरे प्रक्रिया के दौरान रखी जाने वाली सभी सावधानियों से भी जवानों को अवगत कराया गया।
अपर अधीक्षक संजय महादेवा ने बताया कि यह मॉकड्रिल जिले में किसी भी प्रकार की आकस्मिक परिस्थिति उत्पन्न होती है तो उससे निपटने की तैयारियों को परखने के लिए किया गया है। इसमें चरणबद्ध तरीके से भीड़ को तितर-बितर करने तथा प्रदर्शनकारियों से निपटने का अभ्यास किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसा ड्रिल आगे भी किया जाता रहेगा। जिससे जवान ऐसी किसी इमरजेंसी के हालात से निपटने के लिए मुस्तैद रहे।
इस दौरान सहायक सेनानी एरमन खलखो, सहायक सेनानी सुरेश लकड़ा, सहायक सेनानी कुंजराम चौहान, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर अक्षा गुप्ता, तहसीलदार रायगढ़ लोमस मिरी, नायब तहसीलदार प्रकाश पटेल एवं तृप्ति चंद्राकर, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, निरीक्षक प्रशांत राव, निरीक्षक रामकिंकर यादव, निरीक्षक सुंदर लाल बांधे सहित पुलिस विभाग के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।





