अखिल भारतीय इंटर एनआईटी खेल प्रतियोगिता 2024-25 का उद्घाटन

अखिल भारतीय इंटर एनआईटी खेल प्रतियोगिता 2024-25 का उद्घाटन

 नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी), राउरकेला ने आज अपने परिसर में स्थित दिलीप तिर्की स्टेडियम में अत्यंत उत्साह के साथ अखिल भारतीय इंटर एनआईटी खेल प्रतियोगिता 2024-25 का उद्घाटन किया। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम तीन दिवसीय (18-20 अक्टूबर 2024)  खेल प्रतियोगिता की शुरुआत है, जिसमें पूरे भारत से 26 एनआईटी के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता में 600 से अधिक खिलाड़ी दो प्रमुख खेलों, फुटबॉल (पुरुष वर्ग) और लॉन टेनिस (पुरुष और महिला वर्ग), में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।

फुटबॉल मैच राउरकेला के तीन प्रमुख स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें बिरसा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम, इस्पात स्टेडियम और दिलीप तिर्की स्टेडियम-एनआईटी राउरकेला शामिल हैं। वहीं, पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लॉन टेनिस मैच एनआईटी राउरकेला परिसर के पी.टी. उषा खेल परिसर में खेले जा रहे हैं। यह खेल प्रतियोगिता 20 अक्टूबर 2024 (रविवार) को शाम 7:00 बजे बिरसा चौक स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम में अंतिम फुटबॉल मैच और समापन समारोह के साथ संपन्न होगी।

आज उद्घाटन समारोह के दौरान एनआईटी राउरकेला के स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर के अध्यक्ष प्रो. राजीव कुमार पांडा ने सभी प्रतिभागियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि एनआईटी राउरकेला को इस अंतर-एनआईटी खेल प्रतियोगिता के फुटबॉल और लॉन टेनिस मुकाबलों की मेज़बानी करने का सौभाग्य मिला है, जिसमें 31 में से 26 एनआईटी हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने प्रतिभागियों की विविधता पर जोर दिया, जो देश के विभिन्न हिस्सों से आए हैं, और उम्मीद जताई कि सभी प्रतिभागी एनआईटी राउरकेला से मधुर स्मृतियाँ लेकर जाएंगे।

उद्घाटन करते हुए एनआईटी राउरकेला के निदेशक प्रो. के. उमामहेश्वर राव ने कहा, "यह आपके लिए एक अवसर है कि आप एक-दूसरे को जानें, नई दोस्ती बनाएं, और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ दें। चाहे आप जीतें या हारें, यह महत्वपूर्ण है कि आप आत्ममंथन करें, सुधार करें और फिर से मजबूत होकर लौटें। मैं आप सभी को इस टूर्नामेंट के लिए सफलता और अच्छी सेहत की शुभकामनाएँ देता हूँ।"

कार्यक्रम में अतिथि विशेष ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) के अधिकारी और राउरकेला के खेल उप निदेशक, श्री सुदीप्त कुमार नाइक ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, "मैं एनआईटी के सभी छात्रों, संकाय और कर्मचारियों का राउरकेला शहर में स्वागत करता हूँ। इस क्षेत्र में खेल सुविधाओं के व्यवस्थापक और संरक्षक के रूप में,  यहाँ के खेल स्टेडियम और सुविधाएं आपको पंसद आएंगे। मैं आपको एक शानदार प्रवास और प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की शुभकामनाएँ देता हूँ।"

एनआईटी राउरकेला के छात्र मामलों के डीन प्रो. निरंजन पांडा ने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं में असली जीत टीमों के सामूहिक प्रयासों और आत्म-खोज में निहित होती है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिभागी उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं जो खुद को फिट रखना और खेलों में संलग्न होना चाहते हैं।

एनआईटी राउरकेला के रजिस्ट्रार प्रो. रोहन धीमान ने राउरकेला नगर निगम के आयुक्त श्री अशुतोष कुलकर्णी, अतिथि विशेष श्री सुदीप्त कुमार नाइक, स्थानीय प्रशासन और राउरकेला स्टील प्लांट (आरएसपी) प्रशासन का बिरसा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम और इस्पात स्टेडियम में सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियमों में मैचों की मेज़बानी का उद्देश्य राउरकेला की विश्वस्तरीय खेल संरचना को बढ़ावा देना और प्रदर्शित करना है।

एनआईटी जालंधर के छात्र गतिविधि और खेल अधिकारी और इस टूर्नामेंट के निरीक्षक श्री विजय के. मिश्रा ने एनआईटी राउरकेला की आयोजन टीम और प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि एनआईटी प्रशासन ने सभी खिलाड़ियों के लिए एक आरामदायक माहौल और अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित की है। एनआईटी राउरकेला के खेल और खेल सोसायटी के उपाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद खालिद गुल और प्रो. वेंकट आर. नाइक के साथ-साथ छात्र गतिविधि और खेल अधिकारी श्री सी. अलागेसन ने इस कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अखिल भारतीय अंतर एनआईटी खेल प्रतियोगिता 2024-25 में देश भर के 26 एनआईटी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें शामिल हैं: एमएनआईटी भोपाल, एनआईटी अगरतला, एनआईटी आंध्र प्रदेश, एनआईटी अरुणाचल प्रदेश, एनआईटी कालीकट, एनआईटी दिल्ली, एनआईटी दुर्गापुर, एनआईटी हमीरपुर, एनआईटी जयपुर, एनआईटी जालंधर, एनआईटी जमशेदपुर, एनआईटी कुरुक्षेत्र, एनआईटी मणिपुर, एनआईटी मेघालय, एनआईटी मिजोरम, एनआईटी नागालैंड, एनआईटी नागपुर, एनआईटी पटना, एनआईटी पुडुचेरी, एनआईटी रायपुर, एनआईटी राउरकेला, एनआईटी सिलचर, एनआईटी सूरथकल, एनआईटी त्रिची, एनआईटी वारंगल और एसवीएनआईटी सूरत।

टूर्नामेंट के संयोजक प्रो. मोहम्मद खालिद गुल ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया।