बंडामुंडा में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस.
बंडामुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत डी केबिन तांती बस्ती में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है.इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है.पुलिस ने शव को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा इसे अस्वाभाविक मौत का मामला मानते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डी केबिन तांती बस्ती निवासी दीपक शाह (28) ने बुधवार-गुरुवार की देर रात अपने घर में प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली.
गुरुवार सुबह जब परिजन युवक को जगाने के लिए उसके कमरे के बाहर आवाज लगाई,तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली ,इसके बाद परिजनों ने दरवाजा जोर-जोर से खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला.संदेह होने पर परिजनों ने दरवाजे को जोर से धक्का दिया, जिससे कुंडी खुल गई.अंदर जाकर देखने पर युवक रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला.
इसके बाद परिजनों ने तत्काल इस घटना की सूचना बंडामुंडा पुलिस को दी.
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है.पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.

