ठेठेइपोष ग्रामपंचायत में पूर्ण शराबबंदी की मांग तेज हुई
ठेठेइपोस ग्रामपंचायत की महिलाओं ने शराब के खिलाफ उठाई आवाज। आज ग्रामपंचायत की सैकड़ों महिलाओं ने शराब बिक्रेता और शराब बनाने वालों के घर जाकर उनलोगों को चेतावनी दी की ग्रामपंचायत अंचल में शराब बनाना और बेचना पूर्णरूप से बंद किया जाए। इससे पहले भी भूतपूर्व सरपंच ललित मुंडा ने इस पूरे ग्रामपंचायत में शराबबंदी कर रखी थी। जिसके स्वर्गवास हो जाने के बाद इस ग्रामपंचायत अंचल में अवैध शराब का कारोबार फलने फूलने लगा। इस दौरान अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों ने इन महिलाओं को धमकी भी दी। एक ने आबकारी विभाग से इन सबकी शिकायत करने की धमकी दी, और यह भी कहा कि वह आबकारी विभाग को पैसे देकर शराब का कारोबार कर रहा है। एक और व्यक्ति जो झरीया किनारे शराब चुला रहा था उसने महिलाओं पर बम गिराने की धमकी दी, पर मौके पर मौजूद महिलाओं ने उसके शराब और जावा को पानी में फेंक कर हाथों हाथ उसकी धमकी का जबाब भी दे दिया।
महिलाएं क्यों कर रही है शराब बंदी की मांग।
ठेठेइपोष सरकारी विद्यालय के ठीक सामने स्थित तांति टोला के कई घरों में कथित रूप से महुआ शराब तैयार कर बेची जा रही है। महिलाओं के अनुसार, दिनभर शराब का सेवन करने वाले लोगों की स्कूल के आसपास आवाजाही से बच्चों के वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विद्यालय के सामने इस तरह की गतिविधियां चलने को लेकर अभिभावकों और महिलाओं ने चिंता जताई तो दूसरी ओर गाँव में ही शराब बिकने से कम उम्र के नवयुवक भी शराब के आदी होते जा रहे है जो उनके भविष्य निर्माण में सबसे बड़ी बाधा बन रहा है, कुछ लोग शराब के इस कदर आदी हो चुके है कि शराब की खुराक पूरी करने के लिए घर के अनाज और अन्य सामान भी बेच देते है जिससे घर संभाल रही महिलाओं को कई सारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
महिलाओं ने इस परेशानी का हल निकालने और ग्रामपंचायत अंचल में पूर्णतः शराब बंदी को लेकर स्थानीय सरपंच दासो ओराम से मुलाकात की, जिसपर सरपंच ने कल रविवार के दिन एक बैठक बुलाई हैं, सबकी नजर कल के बैठक पर टिकी है। अब देखना यह होगा कि स्वर्गीय ललित मुंडा की तरह वर्तमान सरपंच भी अपने ग्रामपंचायत अंचल में पूर्णतः शराब बंदी कर पाते है या नहीं।





