ठेका श्रमिकों की समस्याओं पर सरपंच ने जताई नाराजगी

ठेका श्रमिकों की समस्याओं पर सरपंच ने जताई नाराजगी

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

कलूंगा स्थित महावीर फेरो एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत ठेका श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चुंगीमाटी ग्राम पंचायत के सरपंच जगदीश किंडो ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन को पत्र लिखकर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करने तथा उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। सरपंच के अनुसार चुंगीमाटी पंचायत क्षेत्र के 50 से अधिक श्रमिक उक्त कंपनी में ठेका आधार पर कार्यरत हैं। उनका आरोप है कि श्रमिकों को नियमित रूप से वेतन नहीं दिया जाता और भुगतान के संबंध में उचित हिसाब-किताब एवं पे-स्लिप उपलब्ध नहीं कराई जाती। साथ ही, ईएसआई और पीएफ के नाम पर वेतन से राशि काटे जाने के बावजूद उसके जमा होने तथा संबंधित विवरण की जानकारी श्रमिकों को नहीं दी जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्धारित कार्य अवधि से अधिक समय तक काम कराने के बावजूद श्रमिकों को ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जाता। भोजन अवकाश की उचित व्यवस्था नहीं होने तथा लगातार 12 घंटे तक काम कराने की भी शिकायत है। सरपंच ने यह भी कहा कि काम के दौरान मशीन अथवा उपकरणों में टूट-फूट होने पर उसकी भरपाई श्रमिकों के वेतन से किए जाने की शिकायत मिली है। वहीं, कार्यस्थल पर श्रमिक के घायल होने की स्थिति में इलाज का खर्च भी श्रमिक को स्वयं वहन करने के लिए बाध्य किए जाने का आरोप है। जगदीश किंडो ने कंपनी प्रबंधन से मामले की जांच कर श्रमिकों को नियमानुसार वेतन, ईएसआई, पीएफ, ओवरटाइम, अवकाश और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।