घोघड़ धाम मंदिर में श्रावणी मेला की तैयारी बैठक

घोघड़ धाम मंदिर में श्रावणी मेला की तैयारी बैठक

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

 पश्चिम ओडिशा के प्रसिद्ध शैवपीठ घोघड़ मंदिर में आगामी श्रावण मास के दौरान आयोजित होने वाले जलाभिषेक उत्सव के सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर शनिवार को मंदिर परिसर में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर ट्रस्ट के सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर मेले की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। तहसीलदार जगबंधु मलिक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 29 जुलाई से प्रारंभ हो रहे श्रावण मास तथा प्रथम सोमवार (3 अगस्त) को श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य जितेंद्र कुमार दास ने स्वागत भाषण दिया। वहीं, प्रबंधन ट्रस्टी हरिकिशन अग्रवाल ने बताया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को जलाभिषेक के लिए एक लाख से अधिक श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती, शौचालय, पार्किंग तथा श्रद्धालुओं के लिए विश्रामगृह जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में खंड विकास अधिकारी अक्षय कुमार बाग, राजगांगपुर एसडीपीओ विभूति भूषण भोई तथा राजगांगपुर थाना प्रभारी (आईआईसी) विजय कुमार दास ने श्रावण मेले के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर कांसबहाल फांडी प्रभारी हरिश छातार, ढेलुआ सरपंच चंपावती एक्का, संदीप अग्रवाल, मोहन अग्रवाल सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य उपस्थित थे। अंत में जितेंद्र कुमार दास ने सभी का आभार व्यक्त किया।