घटिया निर्माण पर हंगामा वायरल ऑडियो ने मचाई सनसनी
छिछोर उमरिया में ठेकेदार की करतूत बेनकाब: घटिया निर्माण पर हंगामा, वायरल ऑडियो ने मचाई सनसनी!
रायगढ़ - पुसौर ब्लॉक के ग्राम छिछोर उमरिया में महतारी सदन भवन के निर्माण में ठेकेदार विकास तिवारी द्वारा कराया जा रहा निम्न स्तर का निर्माण कार्य अंचल में चर्चा का बिषय बना हुआ है।
20 मिली मीटर गिट्टी की जगह बजरी और धूल के इस्तेमाल के आरोपों के बीच एक वायरल ऑडियो ने ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा निर्माण कार्य की पोल खोल दी। इस ऑडियो में ग्रामीण और ठेकेदार के बीच तीखी बहस होने की बात सामने आई है, जिससे मामला और गर्म हो गया है।
इस घटिया निर्माण कार्य से नाराज ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य बंद करवा दिया है। जांच में गिट्टी की जगह धूल और बजरी का ढेर मिलने से ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने न सिर्फ गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ किया, बल्कि विरोध करने पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज तक की। वायरल ऑडियो में ठेकेदार द्वारा ग्रामीण के साथ की गई बदसलूकी साफ सुनाई दे रही है, जिसने ग्रामीणों के गुस्से को और भड़का दिया।
ग्रामीण अब इस मामले को रायगढ़ विधायक और स्थानीय थाने तक ले जाने की तैयारी में हैं। भाजपा मीडिया प्रभारी (पुसौर) विकास गुप्ता ने तल्ख लहजे में कहा है कि- "विकास तिवारी जैसे ठेकेदार सरकारी पैसों की लूट मचा रहे हैं। PWD और सरकार से मांग है कि इसके सभी ठेकों की गहन जांच हो और भविष्य में इसे कोई काम न दिया जाए।" ग्रामीणों ने भी शासन-प्रशासन से ठेकेदार के सभी परियोजनाओं की बारीकी से जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रायगढ़ विधायक का साफ निर्देश है कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। ग्रामीणों ने उच्च अभियंता को मौके पर बुलाकर निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है। पंचायत भवन के पास हुए इस हंगामे और वायरल ऑडियो ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस मामले में प्रशासन क्या कदम उठाती है।
Click Here To See More





