गौरेला गैस एजेंसी की कालाबाजारी पर फूटा गुस्सा
गौरेला में सियाराम गैस एजेंसी की मनमानी अब बर्दाश्त से बाहर हो गई है। एजेंसी की कालाबाजारी और खुली लूट से परेशान आम जनता की आवाज अब नगर पालिका अध्यक्ष ने बुलंद की है। गौरेला नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने सियाराम गैस एजेंसी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिला खाद्य अधिकारी को पत्र लिखकर कालाबाजारी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने खाद्य अधिकारी को लिखे पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा है कि सियाराम गैस एजेंसी गौरेला द्वारा कंपनी के सारे नियमों को ताक पर रखकर उपभोक्ताओं को जमकर लूटा जा रहा है। एजेंसी निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर सिलेंडर बेच रही है और घर तक डिलीवरी देने के नियम का खुलेआम उल्लंघन कर गोदाम से सिलेंडर थमा रही है पत्र में आरोप है कि एजेंसी का खेल बेहद शातिराना है। जिन उपभोक्ताओं का नंबर आ जाता है उन्हें 3 से 4 दिन तक चक्कर कटवाया जाता है, जबकि बिना नंबर वालों से 500 रुपये तक एक्स्ट्रा वसूल कर तुरंत सिलेंडर दे दिया जाता है। डीएसी नंबर आते ही एजेंसी कर्मचारी उपभोक्ताओं को फोन कर नंबर मांग लेते हैं और 2-3 दिन में होम डिलीवरी का झांसा देते हैं, लेकिन 10 से 15 दिन तक सिलेंडर नहीं पहुंचता। शिकायत करने पर फोन काट दिया जाता है और बहानेबाजी की जाती है मुकेश दुबे ने पत्र में यह भी खुलासा किया है कि सुशासन तिहार में भी इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन खाद्य विभाग ने आंखें मूंद लीं। कार्रवाई न होने से एजेंसी के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वह बेखौफ कालाबाजारी कर रही है अंत में नगर पालिका अध्यक्ष ने सख्त चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही एजेंसी पर कार्रवाई कर आम जनता को राहत नहीं दी गई, तो वे जनता के साथ सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला खाद्य विभाग की होगी।





