एनआईटी राउरकेला में भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया रथयात्रा महोत्सव
सतीश शर्मा (उप संपादक)
राउरकेला, 16 जुलाई, 2026: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) राउरकेला में गुरुवार को भगवान श्रीजगन्नाथ की पवित्र रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं परिसरवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन किए तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों एवं पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद पहंडी, छेरा पहंरा तथा भव्य रथयात्रा का आयोजन किया गया। एनआईटी राउरकेला के निदेशक प्रो. के. उमामहेश्वर राव ने भगवान श्रीजगन्नाथ के समक्ष विनम्रता, समानता और सेवा भाव के प्रतीक छेरा पहंरा की पवित्र रस्म संपन्न की।
इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने "जय जगन्नाथ" के जयघोष के बीच पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ को खींचा। भक्तिमय वातावरण और आध्यात्मिक उल्लास से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।एनआईटी राउरकेला में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली रथयात्रा संस्थान परिवार को एकता के सूत्र में पिरोने के साथ-साथ ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था, सामाजिक समरसता और सेवा के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश देती है।





