एनआईटी में एक दिवसीय हैकाथॉन और कार्यशाला का सफल आयोजन
प्रेस विज्ञप्ति:राष्टीय प्रौद्योगिकी संस्थान राउरकेला,
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) राउरकेला की फाउंडेशन फॉर टेक्नोलॉजी एंड बिज़नेस इन्क्यूबेशन (एफ़टीबीआई) ने “Innovation through Technology: From Idea to Impact” और “Innovate for Mining: Smart Solutions for Mining” विषयों पर एक दिवसीय हैकाथॉन और कार्यशाला का सफल आयोजन किया। यह आयोजन इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) तथा महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. ऋषि मोहन भटनागर (राष्ट्रीय संयोजक, शिक्षा एवं प्रौद्योगिकी गतिविधि, भारतीय शिक्षण मंडल) के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रो. सुभ्रत कुमार पांडा, अध्यक्ष, एफटीबीआई, एवं प्रो. राजीव कुमार पंडा, अध्यक्ष, छात्र गतिविधि केंद्र (SAC), एनआईटी राउरकेला ने प्रतिभागियों को संबोधित किया और युवा नवप्रवर्तकों को रचनात्मक सोच विकसित करने एवं प्रौद्योगिकी की सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम में ओडिशा के विभिन्न संस्थानों से आए 80 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 14 नवाचार टीमों ने हैकाथॉन में प्रतिस्पर्धा करते हुए खनन और औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित वास्तविक चुनौतियों के समाधान हेतु तकनीक-आधारित उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए।
कार्यशाला सत्रों में प्रतिभागियों को नवाचार, उद्यमिता एवं समस्या समाधान कौशल विकसित करने के लिए प्रशिक्षित किया गया। उद्योग विशेषज्ञों एवं अकादमिक मेंटर्स ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया कि वे अपने विचारों को व्यावहारिक एवं विस्तार योग्य व्यावसायिक परियोजनाओं में कैसे परिवर्तित कर सकते हैं।
₹1,00,000 की कुल पुरस्कार राशि के साथ इस आयोजन में सबसे प्रभावशाली एवं संभावनाशील नवाचारों को सम्मानित किया गया। समापन सत्र में चिरंजीबी सामल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एफ़टीबीआई ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और एनआईटी राउरकेला में स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित करने एवं एक सशक्त नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने में एफ़टीबीआई की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।





