अमित शाह ने 3,770 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

अमित शाह ने 3,770 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

सतीश शर्मा (उप संपादक)

भुबनेश्वर:- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 6 मार्च को अपने एक दिवसीय ओड़िशा यात्रा के दौरान राज्य में 3,770 करोड़ रुपये से अधिक की 176 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास किया। इनमे गृह मंत्रालय की 3 परियोजनाएँ , सहकारिता मंत्रालय की 4 परियोजनाएँ और

ओडिशा सरकार की 173 परियोजनाएँ शामिल हैं।

इन परियोजनाओं में राष्ट्रीय दुग्ध उत्पादन विकास बोर्ड , ओड़िशा राज्य सहकारिता दुग्ध उत्पादक संघ (ओम्फेड) तथा राज्य सरकार की कई योजनाएँ शामिल हैं। इन परियोजनाओं के उद्घाटन करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हर गांव में अमूल मॉडल की तरह मजबूत सहकारी ढांचा विकसित करेंगे। ओडिशा में जल संसाधनों और ग्रामीण आधार के कारण डेयरी क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं हैं। इस समारोह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी उपस्थित थे।

गृह मंत्री ने पारादीप स्थित इफको के संयंत्र में सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट-III का उद्घाटन किया और भुवनेश्वर में आयोजित सहकारिता विकास संगोष्ठी को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह संयंत्र देश में रसायन उत्पादन को मजबूत करेगा और भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगा।

उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में कृषक भारती सहकारी लिमिटेड और इफको मिलकर देश को सल्फ्यूरिक एसिड उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करेंगे।

राज्य सरकार की परियोजनाओं में से 61 परियोजनाएँ (₹1,230 करोड़) पूरी हो चुकी हैं, जबकि 112 परियोजनाओं (₹2,116 करोड़) का शिलान्यास किया गया।

शाह ने ओडिशा में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के नए परिसर की आधारशिला भी रखी और उसके अस्थायी कैंपस का उद्घाटन किया। यह संस्थान लगभग 30 पाठ्यक्रम चलाएगा और पूरी तरह चालू होने पर लगभग 2,500 छात्रों को पढ़ने का अवसर मिलेगा।

दुग्ध सहकारिता को बढ़ावा

आंतरिक सुरक्षा पर बोलते हुए शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ अभियान तेज किया है और 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य तेज किए जा रहे हैं ताकि आदिवासी समुदायों को विकास का पूरा लाभ मिल सके।

भारत की अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी

शाह ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है और हाल के वर्षों में कई मुक्त व्यापार समझौते किए गए हैं, जिससे वैश्विक व्यापार और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और ओडिशा सरकार मिलकर राज्य के विकास को तेज़ करेंगी और पिछले दो दशकों की विकास कमी को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।